कन्नौज। चार माह के अंतराल के बाद अप्रैल में शुरू हुआ कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ ही रहा है। दो दिन बाद जिले में तीन नए मामले सामने आए हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। पिछले 29 दिनों में औसतन हर रोज एक केस मिलने का मामला सामने आया है।
हालांकि कोरोना की रफ्तार सुस्त है, लेकिन यह धीरे-धीरे पांव पसार ही रहा है। यही वजह है कि चार महीने के बाद शुरू हुआ संक्रमण खत्म होने के बजाए लगातार बढ़ ही रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य महकमे की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग हिस्सों में तीन लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। स्वास्थ्य महकमे के मुताबिक तीनों ही संक्रमितों को उनके घरों में ही होम आईसोलेट किया गया है। इसके अलावा पिछले दिनों संक्रमित मिले तीन लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब तक इस महीने में कुल 29 लोग संक्रमित मिले हैं, उनमें से 18 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस समय 11 लोग संक्रमित हैं। उन सभी को होम आइसोलेट ही कर दिया गया है।