कन्नौज जिले में मुकदमों और शिकायतों के निस्तारण में फरियादियों व आरोपियों से वसूली करने वाले तिर्वा कस्बा चौकी प्रभारी व दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया है। तीनों पर पुलिस की गोपनीय सूचनाएं भंग करने का भी आरोप है। एसपी ने इस मामले की जांच सीओ सिटी कमलेश कुमार को सौंपी है। दो दिन पहले गोपनीयता भंग करने के आरोप में जिला जेल चौकी प्रभारी और दो कोर्ट मोहर्रिर भी निलंबित किए जा चुके हैं।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने देर शाम तिर्वा कस्बा चौकी प्रभारी मनुज चौधरी तथा कांस्टेबल अमर सिंह व दुष्यंत शर्मा को निलंबित कर दिया। बताया गया कि कस्बा चौकी प्रभारी और सिपाहियों पर कई भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। मुकदमों और शिकायतों के निस्तारण के दौरान फरियादियों तथा आरोपियों से रुपयों की वसूली की शिकायतें लगातार एसपी को प्राप्त हो रहीं थीं।
एसपी ने इसकी गोपनीय जांच कराई तो आरोप सही पाए गए, इसी आधार पर एसपी ने तीनों को निलंबित कर दिया। सीओ तिर्वा डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि मारपीट के एक मामले में धन उगाही की शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद एसपी ने चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विदित हो कि लापरवाही और पुलिस की गोपनीयता भंग करने के मामले में दो दिन पहले जिला जेल चौकी प्रभारी किशनवीर सिंह व कोर्ट मोहर्रिर अवधेश कुमार व अनिल कुमार को भी निलंबित कर दिया गया था।