नजरापुर/तिर्वा। वाहन के इंतजार में खड़े मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे अफसरों व पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेज दिया।
कोतवाली तिर्वा क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी रामजीवन (35) तालग्राम के एक कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। शनिवार को सुबह वह तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर तालग्राम जाने के लिए वाहन के इंतजार में सड़क के किनारे खड़े थे। तभी कन्नौज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रामजीवन को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे एसडीएम सदर पवन मीना, नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह और तिर्वा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया। उसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। पुलिस ने आरोपी चालक व ट्रक को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल डॉ. महेशवीर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-
माता-पिता का छिन गया सहारा
तिर्वा। बहादुर गांव निवासी दौलत सिंह ने बताया कि उनके तीन पुत्र थे। जिसमें रामजीवन सबसे छोटा पुत्र था। वह और पत्नी दोनों ही रामजीवन के साथ रहते थे। अन्य दोनों पुत्र अलग रहते हैं। उन्होंने बताया कि रामजीवन ही मजदूरी करके उनकी देखरेख रखता था। अब उनका सहारा छिन गया।