कन्नौज। गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन युवक डूब गए। गोताखोरों की मदद से तीनों को निकाला गया। उनमें से दो की जान चली गई। एक को बचा लिया गया। यह हादसा कन्नौज में मेहंदीघाट पर हुआ। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के महादेवी गंगा घाट पर दशहरा पर्व पर गंगा स्नान के दौरान हुए इस हादसे से वहां हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे हुआ। तालग्राम थाना क्षेत्र के अमोलर गांव निवासी बृजेश सक्सेना का बड़ा पुत्र ऋषि (19) सोमवार को पास के ही ताहपुर निवासी अपने ममेरे भाई जितेंद्र और उसके साले कायमगंज अताईपुर निवासी कौशल (20) के साथ मेहंदी घाट कन्नौज गंगा नहाने पहुंचे थे। यहां स्नान के दौरान तीनों डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर दूसरे श्रद्घालुओं में चीख-पुकार मच गई। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया। इसमें जितेंद्र की हालत सही रही, जबकि ऋषि और कौशल को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां दोनों को देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवक की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया।