तालग्राम। थाना क्षेत्र के ताहपुर गांव में प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच चुनाव रंजिश को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। प्रधान पति ने जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रधान व पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ताहपुर ग्राम पंचायत की प्रधान प्रतिमा के पति गौरव पटेल ने पुलिस को तहरीर में बताया कि पंचायत की जमीन पर कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका आधा निर्माण कार्य हो चुका है। 11 मार्च को पूर्व प्रधान जय सिंह व उनके पुत्र शिवम ने निर्माण कार्य कर रहे श्रमिकों को गालीगलौज करते हुए डरा धमकाकर भगा दिया और कार्य रुकवा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच चौकी प्रभारी राम मनोज द्विवेदी को सौंपी गई है। पूर्व प्रधान ने बताया कि अवैध निर्माण की शिकायत पर उनके खिलाफ झूठी कहानी रचकर फंसाने की साजिश की गई है।