कन्नौज। चोरों ने एफएफडीसी में घुसकर चंदन के चार पेड़ काटे और उनकी लकड़ियां लेकर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में छानबीन शुरू की है। चोरी हुई चंदन की लकड़ी की कीमत चार लाख रुपये के आसपास है।
शहर के जीटी रोड मकरंदनगर स्थित सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र (एफएफडीसी) परिसर में करीब 100 से अधिक चंदन के पेड़ लगे हुए है।
रविवार रात दीवार फांद कर चोर परिसर के अंदर घुसे। चेारों ने चार चंदन के पेड़ गिरा दिए। चोरों ने बाहर खड़े अपने साथियों को पेड़ों की लकड़ियां पहंचाई।
इसके बाद और पेड़ काटने लगे। इस दौरान सुरक्षा गार्ड राम उजागिर मौके पर पहुंच गया। चोरों को पेड़ काटता देखकर शोर मचाने लगा।
इससे चोर भाग निकले। सोमवार सुबह एफएफडीसी के सुरक्षा अधिकारी वैज्ञानिक ज्ञानेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं एफएफडीसी के निदेशक शक्ति विनय शुक्ला ने बताया कि चंदन के पेड़ कच्ची लकड़ी के थे। कुछ लकड़ी पकी हुई होगी।
पुलिस अधिकारियों से एफएफडीसी परिसर में गश्त की मांग की गई है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि दो पुलिस टीमों को लगा दिया गया है।
जल्द चोरों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।