सौरिख। मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में चौराहे पर जमकर गाली-गलौज व मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों से एक सैकड़ा से अधिक लोग थाने पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
रविवार शाम ज्ञानोदय नगर निवासी पंकज दुबे और कोचिंग सेंटर संचालक सोनू गुरु के बीच किसी बात को लेकर चौराहे के पास गाली-गलौज हो गई। सूचना पर दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर पहुंच गए और मारपीट होने लगी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई। इस पर दोनों पक्षों से सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से पहुंचे लोगों से समझौते को लेकर कार्यालय में बातचीत कर रही थी तो लोग हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी को खदेड़ दिया। देर रात दोनों पक्षों में समझौता हो गया। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मौके पर एएसपी को भेजा गया है। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी और कार्रवाई होगी।
-
मिर्गी का दौरा पड़ने पर छत से गिरी युवती, मौतछिबरामऊ। नगर के मोहल्ला ऊंचा बिरतिया निवासी अशोक कुमार की पुत्री शारदा (21) मिर्गी रोग से ग्रसित थी। रविवार देर शाम वह मां सुचि देवी के साथ छत पर मौजूद थी। उसी समय दौरा पड़ने से छत की रेलिंग से नीचे सड़क पर आ गिरी। सिर में गंभीर चोट आने के कारण वह लहूलुहान हो गई। परिजन आनन-फानन में सौ शैया अस्पताल लेकर गए, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए सूचना पुलिस को दी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर लेकर चले गए। संवाद