गुरसहायगंज। खाकी को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक ही रात में गांव के तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश तीनों घरों से 11 लाख रुपये कीमत के जेवरात और तीन लाख रुपये की नकदी ले उड़े। रविवार की सुबह वारदात को देखकर उन घरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
मझपुरवा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र पाल मौके पर पहुंचे और उन्हें घटनाओं की छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। हैरानी यह कि बदमाशों ने घटना के दौरान कमरे में सो रहे लोगों को बाहर से कुंडी लगाकर कमरे में ही बंद कर दिया। सुबह पड़ोसियों को फोन कर कमरे को खुलवाया जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
-
घटना एक: वीरेंद्र पाल के घर में धावा
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जुनेदपुर निवासी वीरेंद्र पाल एक कुरियर कंपनी में काम करते हैं। शनिवार की रात परिजन घर के बाहरी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे बक्से के ताले तोड़ दिया। वहां से चार लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। इस दौरान चोरों ने बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे लोगों को बाहर से कुंडी लगाकर कमरे में ही बंद कर दिया।
घटना दो: रमेश प्रजापति के घर में चोरी
वीरेंद्र पाल के घर में चोरी के बाद उनके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित रमेश प्रजापति के घर पर भी धावा बोल दिया। रमेश की पत्नी सरला ने बताया कि घर के मर्द बाहर नौकरी करते हैं जबकि वह दो बहू के साथ घर में रहती हैं। रात में चोरों ने मकान के ऊपरी हिस्से में बने कमरे का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात जिसमें सोने की चार चूड़ी, पांच अंगूठी, एक चेन, चांदी की करधनी, पायल के अलावा 65 हजार की नकदी चोरी कर ले गए हैं। सरला ने बताया कि रात करीब दो बजे मकान के ऊपरी हिस्से में खटपट की आवाज होने पर वह नीचे आंगन में आकर खड़ी होकर आहट ले रही थी इसके बाद सो गईं। सुबह जब उठी तो घटना की जानकारी हुई।
इनसेट
घटना तीन: अनिल शुक्ला के यहां वारदात
इसके अलावा इसी गांव में शनिवार की रात ही गांव के पूर्वी छोर पर बने अनिल शुक्ला के मकान पर भी चोरों ने धावा बोला। ऊपरी मंजिल से उतर कर नीचे कमरे में घुस गए और अलमारी का लॉक तोड़कर दो लाख रुपये की कीमत के जेवरात और 20 हजार की नकदी पार कर दी। अनिल ने बताया कि वह लोग जिस कमरे में सो रहे थे उसकी बाहर से चोरों ने कुंडी बंद कर दी जिस पर सुबह दरवाजा न खुलने पर पड़ोसी को फोन किया। पड़ोसियों ने आकर कमरा खोला और इसके बाद चोरी की जानकारी हुई।