गुरसहायगंज। भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। बिजली घर पर लगे ट्रांसफार्मर अत्यधिक तापमान के चलते गर्म हो रहे हैं, जिससे बिजली संकट गहराने लगा है। बुधवार को बिजली घर पर लगे पांच-पांच एमबीए के दो ट्रांसफार्मरों का तापमान 78 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसका सामान्य तापमान 65 डिग्री होना चाहिए। बिजली घर पर तैनात एसएसओ आशीष कुमार, मनोज कुमार और संजय कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर के अत्यधिक गर्म होने से फाल्ट और ब्रेकडाउन की संभावना बढ़ जाती है। तापमान नियंत्रित रखने के लिए कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर पर लगातार पानी डाला जा रहा है। जेई विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक लोड और तेज गर्मी के कारण केबल में अधिक गर्मी पैदा हो रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि बिजली केबल पत्ते की तरह टपक रही हैं, जो फट सकती हैं।