कन्नौज। मौसम में अचानक आया बदलाव उमस भी गर्मी लेकर आया है। गुरुवार की देर रात रिमझिम बारिश से शुक्रवार को उमस भरी गर्मी से सभी बेहाल रहे हैं। वहीं मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में अभी और उमस बढ़ने की आशंका जताई है। मौसम में उमस से फसलों पर कीटों का प्रभाव भी दिखाई देगा। पिछले पांच दिनों से तेज हवा और बारिश ने गर्म हवाओं से लोगों को राहत अवश्य दी है लेकिन बारिश ने उमस भरी गर्मी बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश राय ने बताया कि बार-बार हवाओं का रुख बदलने से मौसम में उमस बढ़ी है। सुबह शाम पूर्वी हवाएं व दोपहर में पछुआ हवाओं के कारण परेशानी हो रही है। मौसम में लगातार नमी बढ़ रही है। 31 मई, एक व दो जून को मौसम में बढ़ी आर्द्रता लोगों को परेशान करेंगी। पूर्वानुमान के मुताबिक 31 मई को अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी होने से उमस बढ़ी रहेगी, वहीं एक व दो जून को पछुआ हवाओं का जोर होने के कारण उसम बनी रहेगी। 28,29, 30 व 31 मई को कुछ स्थानों पर रिमझिम बारिश हो सकती है। इन चार दिनों में खानपान का विशेष ध्यान रखें। बासी भोजन न करें, पशुओं का आहार भी संतुलित रखें।