संवाद न्यूज एजेेंसी
तालग्राम। लगातार भीषण गर्मी के मद्देनरज बेसिक स्कूलों की छुट्टी बढ़ गई है। परिषदीय स्कूलों और बेसिक शिक्षा से मान्यता प्राप्त स्कूलों में गर्मी को देखते हुए अवकाश में 11 दिन का विस्तार हुआ है। अब 27 जून को विद्यालय खुलेगें, लेकिन योग दिवस पर स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक ग्रीष्मकालीन छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक थीं और 16 से स्कूल खोले जाने थे। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने अब छुट्टियों को 26 जून तक का आदेश दिया है। स्कूल 27 को खुलेंगे। बच्चों की समस्या को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने गर्मी की छुट्टियों को फिलहाल बढ़ा दिया है। इसके साथ ही 21 जून को विश्व योग दिवस पर स्कूलों को खोलने और योग का कार्यक्रम करने का निर्देश दिया है। इसमें बच्चों को बुलाकर योग सिखाने के साथ ही गर्मी से बचाव के तरीके भी बताएं जाएंगे। बीईओ तालग्राम अवनीश कुमार का कहना है कि विभाग के निर्देश पर स्कूलों को 27 जून को खोलने की कार्रवाई की जानी है। फिलहाल योग दिवस की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उस दिन स्कूल खुलेंगे और योगाभ्यास कराया जाएगा।