कन्नौज। इंदरगढ़ कस्बा में थाने के पीछे बंबे में मिले बालिका के शव का पोस्टमार्टम हुआ। पानी में कई दिनों तक शव पड़े होने के कारण मौत की स्पष्ट वजह नहीं हो सकी। इससे अब जांच के लिए बिसरा लैब भेजा जाएगा। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस अब अंतिम संस्कार करेगी।
23 अगस्त की सुबह सपाह निवासी राम प्रताप की पांच वर्षीय बेटी दीप्ती स्कूल जाते समय लापता हो गई थी। इस बीच 25 अगस्त की दोपहर इंदरगढ़ थाने के पीछे गिहार बस्ती के सामने बंबे में पांच वर्षीय बालिका का शव मिला। राम प्रताप और उसकी पत्नी विनीता देवी ने बेटी दीप्ती का शव होने की पहचान की। ग्रामीणों और परिजनों ने हंगामा भी किया, लेकिन शाम होने पर दंपति ने अज्ञात शव बताकर पोस्टमार्टम से चले आए थे।
शनिवार को डॉ. संदीप कुमार और डॉ. कुलदीप ने पैनल से बालिका का पोस्टमार्टम किया। करीब तीन दिनों तक पानी में लाश पड़ी होने के कारण हत्या की वजह पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं हो सकी।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि बिसरा सुरक्षित किया गया है। जल्द जांच के लिए लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इससे मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं अभी तक बालिका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इससे पुलिस अब रविवार को अंतिम संस्कार करेगी।
----
यूनिफार्म न मिलने पर दंपति ने किया इंकार
दरअसल दीप्ती स्कूल जाते समय जब लापता हुई थी, तब वह स्कूल की यूनिफार्म पहने थी। बंबे मिले बालिका के शव पर यूनिफार्म नहीं थी। इससे राम प्रताप और विनीता ने बेटी का शव न होने की बात कही है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि यूनि फार्म की खोज की जा रही है। बालिका के शव और विनीता देवी व उसके पति राम प्रताप का डीएन टेस्ट भी कराया जाएगा।