कन्नौज। देश की आजादी के ठीक पहले हुए बंटवारे को नई पीढ़ी से रूबरू कराने के लिए एक प्रदर्शनी लगाई गई। शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल में लगी प्रदर्शनी में बंटवारे के दौरान की तस्वीरों व खबरों की प्रदर्शनी लगाकर उन्हें बच्चों को दिखाया गया।
शहर की पुलिस लाइन रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर लगी प्रदर्शनी के दौरान अलग-अलग स्टॉल के माध्यम से बच्चों को उस दौर की जानकारी दी गई।
स्कूल के प्रधानाचार्य अचिंता आरके पॉल ने इस दौरान बच्चों को बताया कि देश को आजादी लाखों बलिदान के बाद मिली। उसके बाद जब आजादी का मौका आया तो देश के दो टुकड़े कर दिए गए।
बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए। उस दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने देश की एकता और तरक्की के लिए आपस में मिलजुल कर रहने की जरूरत बताया। इस दौरान स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।