तिर्वा। गौशालाओं का निरीक्षण के लिए पहुंचे नोडल अधिकारी को गौशालाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। गौशाला में मौजूद गोवंशों को समय से पानी व चारा देने निर्देश दिए। सड़कों पर अन्ना पशुओं को पकड़कर गौशाला में लाने के सख्त निर्देश दिए।
गुरुवार को नोडल अधिकारी आरके गुप्ता, एसडीएम उमाकांत तिवारी व ईओ उमेश कुमार ने खैरनगर स्थित कान्हा गौशाला व निर्माणाधीन स्थाई गौशालाओ का निरीक्षण किया। कान्हा गौशाला में गोवंशों के रख रखाव को लेकर केयर टेकर से जानकारी ली। नोडल अधिकारी ने गौशाला में मौजूद गोवंशों को समय से चारा व पानी देने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नगर पंचायत कर्मचारियों को सड़कों पर घूम रहे अन्ना पशुओं को पकड़कर गौशाला में लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य निर्माणाधीन गौशालाओं का कार्य जल्द पूरा करके गोवंशों को संरक्षित करने के एसडीएम को निर्देश दिए। एसडीएम उमाकांत तिवारी ने बताया कि सड़क व खेतों में घूम रहे अन्ना पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।