कन्नौज। बैखौफ बदमाशों ने जिला अस्पताल के पास परिवहन निगम के ठेकेदार पर फायरिंग कर दो लाख रुपये लूट लिए। गोली लगने से कार का शीशा टूट गया। पीड़ित रविवार रात पेट्रोल पंप पर डीजल के रुपये जमा करने जा रहा था। लूट की सूचना मिलते ही एसपी, कोतवाली प्रभारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है।
कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगला रोड सरायमीरा निवासी शिवम दुबे परिवहन निगम में ठेकेदारी करते हैं। उनकी दो बसें भी निगम में अनुबंध पर लगी हैं। इन बसों के लिए डीजल जिला अस्पताल के पास बने पेट्रोल पंप से लिया जाता है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11 बजे वह कार से पेट्रोल पंप पर डीजल का बकाया भुगतान करने जा रहे थे। जैसे ही वह जिला अस्पताल के पास पहुंचे, तभी तीन बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इसमें वह तो बाल-बाल बच गए, लेकिन बदमाश दो लाख रुपये से भरा झोला लेकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। साथ अपने भाई अभिषेक दुबे को भी मामले से अवगत कराया।
लूट की सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद, कोतवाल अजय अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पीड़ित ने बताया कि तीन बदमाशों ने हमला कर लूट की है। बदमाश किस वाहन से आए थे वह देख नहीं पाए। कार पर छह-सात राउंड फायरिंग की गई है। सदर कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।