सौरिख। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 141 के पास हुए हादसे में घायल यात्री मनोज कुमार निवासी ग्राम अकबरपुर थाना मल्लावां जनपद हरदोई ने बस चालक के खिलाफ सकरावा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें लिखा है कि बस चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए एक्सप्रेसवे पर टैंकर में टक्कर मार दी। इस कारण बस पलट गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हो गए, जबकि अन्य के मामूली चोटें आईं हैं। इस हादसे में टैंक्र चालक रोहित कुमार व सहायक ऋषि यादव निवासी नगला सरदार थाना सौरिख गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में ऋषि की मौत हो गई। सकरावा थाना प्रभारी प्रमोद तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक किशनवीर सिंह को सौंप दी गई है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हें भी मुकदमे में शामिल किया जाएगा। संवाद
-
एक्सप्रेसवे पर इस साल हुए बस हादसे
जनवरी : किलोमीटर 194 किलोमीटर पर स्लीपर बस पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई थी और हादसे में 32 सवारियां घायल हो गईं थीं।
मई : किलोमीटर 193 पर चालक को झपकी आने से स्लीपर बस पलटी थी, जिसमें 29 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जून : किलोमीटर 205 पर स्लीपर बस साइड रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई थी, हादसे में 28 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जुलाई : किलोमीटर 209 पर स्लीपर बस चालक को झपकी आने के कारण पलट गई थी, जिसमें एक यात्री की मौत और 24 घायल हुए थे।
जुलाई : किलोमीटर 186 पर स्लीपर बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई थी और 45 यात्री घायल हुए थे।
दिसंबर : किलोमीटर 141 पर स्लीपर बस टैंकर में टक्कर मारकर पलटी, हादसे में आठ यात्रियों की मौत, 40 सवारियां घायल हो गईं थीं।