कन्नौज। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार, अरविंद कुमार साहू, मंजरी मिश्रा ने तिर्वा, छिबरामऊ व सदर तहसील में बाजारों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मुरैया तिर्वा सड़क स्थित विजय किराना स्टोर से किशमिश, आशु पाल के किराना स्टोर से मूंगफली के दाने का सैंपल लिया। गुरसहायगंज के अमोलर स्थित सिद्धि किराना स्टोर से बेसन, पनीर व मखाने, अमोलर पुलिस चौकी के पास स्थित मोहम्मद शमीम के प्रतिष्ठान से साबुन दाने तथा कादरी बेकर्स एंड किराना स्टोर मिरगावां से फ्रूटी रोल का नमूना संदेह के आधार पर जांच के लिए संग्रहित किया। स्थानीय मंडियों में मिलावटी कुट्टू व सिंघाड़े के आटे की जांच की गई। संग्रहित किए गए सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों की कार्रवाई से दुकानदारों से हड़कंप मच गया।