हसेरन। इलाके के पट्टी गांव से मूंगफली बिक्री के लिए हरदोई की माधौगंज मंडी गए किसान व उसके साथी की सड़क हादसे में मौत हो गई। देर शाम उसका शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम पट्टी निवासी अशोक उर्फ संतोष (48) पिकअप में मूंगफली लादकर हरदोई की माधौगंज मंडी ले गया था। उसके साथ इटावा जनपद के पटियाला गांव निवासी भोला भी था। माधौगंज मंडी से पहले एक कोल्ड स्टोर के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। अशोक व भोला मूंगफली के बोरों के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। हरदोई पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई होने के बाद रविवार की देर शाम जैसे ही अशोक का शव गांव पहुंचा परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोगों की भीड़ लग गई। मृतक की पत्नी गिरजा, पुत्र पंकज, विकास व बेटी संध्या समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अशोक खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था।