तालग्राम। स्कूलों के जीर्णाेद्धार, पुनर्निमाण और स्कूलों में शिक्षा का बेहतर माहौल हो इसको लेकर शासन की ओर से प्रोजेक्ट अलंकार योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत ब्लाॅक के बृजभूषण हजेला भारतीय इंटर काॅलेज का चयन हुआ है। अब विद्यालय की हालत सुधरेगी। इसके लिए शासन स्तर से बजट जारी करने के लिए विद्यालय का संयुक्त खाता खुलवा दिया गया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत राजकीय विद्यालयों में जीर्णोद्धार के लिए पूरी राशि सरकार खर्च करती है, जबकि अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 75 प्रतिशत की राशि सरकार अनुदान के रूप में देती है। 25 प्रतिशत का खर्च स्कूल प्रबंधक को अपने स्तर से करना होता। बताते हैं कि यह राशि तभी मिलती है, जब स्कूल प्रबंधक 25 प्रतिशत की राशि खर्च करने की सहमति प्रदान करता है। 75 वर्ष से अधिक पुराने विद्यालयों का जीर्णोद्धार और मरम्मत कराई जाएगी।
प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत कक्षा कक्ष, प्रयोगशाला, पुस्तकाल्य, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, खेल का मैदान, प्रधानाचार्य कक्ष, स्टाफ कक्ष, बालक व बालिकाओं का शौचालय, बिजली व्यवस्था, साइकिल स्टैंड का निर्माण कराया जाना है। बृज भूषण हजेला भारतीय इंटर काॅलेज को प्रोजेक्ट अलंकार का लाभ मिलेगा। प्रधानाचार्य आरके सरोज ने बताया है कि अलंकार प्रोजेक्ट के तहत स्कूल कायाकल्प किया जाएगा। इस मद की सरकारी धनराशि के लिए खाता खुलवा दिया गया है।