फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: जाम से कराहा शहर, रेंग कर निकले वाहन, पैदल चलना भी मुश्किल

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। भीषण गर्मी की तपिश के बीच अगर राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ जाए तो वह पसीना-पसीना हो जाते हैं।
विज्ञापन

शुक्रवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शहर के बोर्डिंग मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में उमड़ी भीड़ जब वापस हुई तो हर तरफ जाम लग गया। सभास्थल पर पहुंचने के लिए भी लोगों को जाम में फंसना पड़ा। सभा के समापन के बाद तो शहर का शायद ही कोई रास्ता हो, जहां जाम न लगा हो। जाम में फंसे लोग गर्मी से बिलबिला उठे।

लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं की जनसभाएं व रैलियां होने लगी हैं। जनसभाओं और रैलियों में आने वाली भीड़ आम-जनमानस को जाम में फंसा रही है। शुक्रवार को ऐसा ही हाल शहर में नजर आया। बोर्डिंग मैदान पर हुई इंडिया गठबंधन की जनसभा में उमड़े हुजूम से सड़क पूरी तरह जाम से जकड़ गई। सभास्थल पहुंचने के लिए गाड़ियों के हॉर्न बजते रहे।
विज्ञापन

सभा के समापन तक समर्थकों का आना जारी रहा। हर ओर सपा के समर्थक ही नजर आ रहे थे। भीड़ के कारण पूरा शहर जाम से कराहता रहा। सभा के बाद भीड़ जब इकट्ठा वापस होने लगी तो बोर्डिंग ग्राउंड से गुजरने वाली सड़क पर पैर रखने की जगह नहीं बची। गाड़ियों का निकलना मुश्किल हो गया। कई नेताओं की गाड़ियां भी जाम में फंसी रहीं। जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। डेढ़ से दो घंटे बाद हालत सामान्य हो सके।

कई लोग बोर्डिंग ग्राउंड से जीटी रोड पर जाम से बचने के लिए आसपास की सड़कों से होकर दूसरी ओर से निकलने की जुगत में रहे। हालांकि, उन्हें उस रास्ते पर भी आगे जाम का सामना करना पड़ा। शहर के पाल चौराहा, गोल कुआं चौराहा, मकरंदनगर तिराहा, ग्वाल मैदान, लाखन तिराहा, जलालपुर पनवारा, सरायमीरा, पूर्वी बाईपास, मानीमऊ सहित सभी चौराहों पर जाम लगा रहा। यातायात व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों काे जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जीटी रोड पर सरायमीरा से लेकर मकरंदनगर के बीच तीन किलोमीटर के दौरान देर तक जाम का सामना करना पड़ा।

बोर्डिंग ग्राउंड से वापसी के दौरान लगे जाम में कई गाड़ियां फंसी रहीं। इसमें बाहर से आए नेताओं की गाड़ियां भी जाम में रेंगती रहीं। ऐसे में जाम में फंसे कार्यकर्ताओं ने उन नेताओं संग खूब सेल्फी ली। मेरठ के विधायक अतुल प्रधान जाम में फंसे तो कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने लगे। इस पर उनकी गाड़ियों के इर्द-गिर्द युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सेल्फी लेने की होड़ लग गई। फिरोजाबाद से सपा प्रत्याशी अक्षय यादव की गाड़ी भी जाम में फंसी रही।
विज्ञापन


पाल चौराहा के निकट एक एंबुलेंस भी फंस गई। दोनों ओर से गाड़ियों के हुजूम के कारण उसे निकालने में काफी मशक्कत करवानी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक एंबुलेंस को जाम से निकालने में सफल रहे। हालांकि, बताया कि एंबुलेंस में मरीज नहीं था। मरीज होता तो परेशानी बढ़ सकती थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें