फोटो 14सीएचबीपी52: काली नदी पुल पर दरार देखते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। उधरनपुर में काली नदी के पुल पर दरार देखते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। आननफानन प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। अब टीम पुल का सर्वे करेगी। उसके बाद ही भारी वाहनों के लिए निर्णय लिया जाएगा।
ग्राम उधरनपुर स्थित काली नदी के पुल पर शनिवार की सुबह लोगों को दरार दिखी। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुल पर दरार की जानकारी दी। इधर, फर्रुखाबाद चौराहे पर ही पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया, जो फर्रुखाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोकते दिखे। फर्रुखाबाद के लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन जोध कुमार ने बताया कि फिलहाल एहतियात के तौर पर भारी वाहनों के आवागमन को रोक दिया गया है। एक टीम भेजकर पुल की जांच कराई गई थी। जल्द ही दूसरी टीम मौके पर भेजी जाएगी। जिसके बाद भारी वाहनों के आवागमन पर निर्णय लिया जाएगा।