गुरसहायगंज। काली नदी के पुल पर बनी रेलिंग पर बैठा बालक नदी में जा गिरा। गांव के कुछ गोताखोरों ने उसे नदी में ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी, जो मंगलवार की सुबह पहुंच कर बालक को ढूंढेगी।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फराहरन निवासी रामू बाथम की पुत्री का विवाह ग्राम इन्दुइयागंज निवासी रामवृक्ष के साथ हुआ था। दो दिन पहले रामू बाथम का पुत्र भूरा बाथम (12) अपनी बहन के घर आया था। सोमवार शाम करीब 4.30 बजे भूरा गांव के कुछ बच्चों के साथ इन्दुइयागंज गांव के पास से निकली काली नदी के पुल पर घूमने गया था। इस दौरान वह पुल की रेलिंग पर बैठ गया और कुछ ही देर बाद असंतुलित होकर काली नदी में जा गिरा। भूरा के काली नदी में गिरते ही साथ में आए बच्चों ने शोर मचाया, जिस पर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और गांव के कुछ गोताखोर बालक की तलाश में लग गए।
बालक के नदी में गिर जाने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई और सभी नदी किनारे पहुंच गए। सूचना पाकर कोतवाल आलोक दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्हाेंने बताया कि बालक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को सूचना दे दी गई है। रात हो जाने के कारण नदी में बालक को ढूंढने में परेशानी होगी। इसलिए मंगलवार सुबह टीम बालक को ढूंढने का काम करेगी।