कन्नौज। निकाय चुनाव में कन्नौज नगर पालिका की हाईप्रोफाइल सीट पर 10 साल बाद फिर से जीत हासिल करने पर हाजी रईस अहमद अंसारी ने प्रशासन का आभार जताया है। चुनाव में मिली जीत के अगले दिन आवास पर बने चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ बैठक कर उन्होंने आगे की योजनाओं पर चर्चा की। समर्थकों से किसी तरह का विवाद न करने और संयम से काम लेने की हिदायत भी दी।
कन्नौज नगर पालिका से इस बार पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी रईस अहमद की पत्नी कौसर जहां ने बसपा के टिकट पर चुनाव जीता है। शनिवार को हुई वोटों की दौरान बेहद कड़े मुकाबले में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को हराकर कामयाबी हासिल की। पहले राउंड में पिछड़ने के बाद आगे के हर राउंड की गिनती में उन्होंने बढ़त बनाए रखी। सातवें और आखिरी राउंड की गिनती के बाद उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया। वोटों की गिनती के दौरान कुछ लोगों ने मतगणना स्थल पर हुड़दंग किया, लेकिन प्रशासन की सूझबूझ से माहौल को संभाल लिया गया। हाजी रईस अहमद खुद भी 2002 और 2007 में लगातार दो बार पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं। इस बार सीट महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने पर उन्होंने अपनी पत्नी को लड़ाया था। जीत मिलने के अगले दिन आवास स्थित चुनाव कार्यालय पर उन्होंने कार्यकर्ताओं संग बैठक की। शहर के विकास से जुड़े काम को लेकर चर्चा की। शपथ ग्रहण के बाद शहर में बदलाव दिखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और ईमानदारी से कराई गई। सीनियर अफसरों और चुनाव में लगे कर्मचारियों ने किसी से पक्षपात नहीं किया। कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत जनता के सहयोग से मिली है। जनता के बीच रहना है। किसी से भेदभाव नहीं होगा। न ही किसी पर कोई टीका टिप्पणी करनी है।