कन्नौज। जिला प्रशासन और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग मेला आज विकास भवन में लगेगा। इसके लिए डीएम के निर्देश पर जरूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए डॉक्टरों की टीम भी गठित हो गई है। परीक्षण के बाद चिन्हित किए गए दिव्यांगों को उनकी जरूरत के मुताबिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
विकास भवन स्थित सभागार में 26 दिसंबर मंगलवार को दिव्यांग मेला में स्टॉल लगाकर पंजीकरण होगा। मेले में ऐसे सभी दिव्यांगों को प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे, जिनके पास पूर्व से कोई दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इसके लिए मौके पर रहेगी। दिव्यांगता का परीक्षण करने के बाद प्रमाण पत्र जारी करेगी। इसके लिए डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जाने लगा है। दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी तनुत त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी सृष्टी अवस्थी को मेला में पात्रों को विभागीय सुविधा मुहैया कराने के लिए कहा है।
डॉक्टरों की टीम बनवाएगी दिव्यांग प्रमाण पत्र
सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम गठित कर दी है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सूरज कुमार, नेत्र सर्जन डॉ. केवी गौतम और ईएनटी सर्जन डॉ. मोनिका सचान को कैंप में मौजूद रहेंगे। यह तीनों ही विशेषज्ञ चिक्तिसक कैंप में आने वाले दिव्यांगों का परीक्षण कर उन्हें दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की रिपोर्ट तैयार करेंगे। उसी रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ कार्यालय से दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी होगा।
वेबसाइट पर कराना होगा पंजीकरण
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि जिस भी दिव्यांग के प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, वह वेबसाइट swavlambbancard.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराते हुए 26 दिसंबर तक प्रमाण पत्र बनवा लें। मंगलवार को विकास भवन सभागार में सुबह 10 बजे अपना ऑनलाइन आवेदन पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रदर्शित फोटो के साथ उपस्थित होकर रजिस्ट्रेशन करवा लें। जिनके पास प्रमाण पत्र नहीं हैं उन्हें मौके पर ही मेडिकल टीम दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएगी।
इन्हें माना जाएगा पात्र
-ऐसे दिव्यांग जिन्हें पिछले तीन साल से कोई सहायक उपकरण नहीं मिला है।
-मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए वही दिव्यांग पात्र माने जाएंगे, जिनका विकलांगता प्रतिशत 80 फीसद से ज्यादा है।
-ऐसे सभी दिव्यांग पात्र माने जाएंगे, जिनकी वार्षिक आय 2.70 लाख रुपये यानी हर महीने 22500 रुपये प्रतिमाह से कम है।
-राजस्व विभाग, सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान द्वारा जारी प्रमाण पत्र मान्य होंगे।
ये दस्तावेज लेकर आएं दिव्यांग
-पहचान प्रमाण पत्र आधार कार्ड।
-एक रंगीन फोटो पासपोर्ट साइज।
-दिव्यांगता प्रमाण पत्र: यूडी-आईडी कार्ड।
-सभी स्रोतों से आय 22500 रुपये प्रति माह से कम का आय प्रमाण पत्र।
मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी मिलेगी
दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइविल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी, कान की मशीन, दृष्टि बाधितार्थ फोल्डिंग छडी, बेलकिट, ज्वायस्टिक ऑपरेटेड व्हील चेयर, दृष्टिबाधितों के लिये स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, डेजी प्लेयर, टैबलेट तथा श्रवण बाधितों के लिए डिजिटल कान को मशीन और लेप्रोसी (कुष्ठ रोग) से प्रभावित व्यक्तियों के लिए दैनिक दिनचर्या में सहायक एडीएल किट और मोबाइल फोन पात्रता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे।।
-आधुनिक उपकरणों की श्रेणी में नवीन स्पोट्र्स कोल चेयर, सुगम्य केन, एक्टिव फोल्डिंग व्हील चेयर भी दिए जाएंगे।
इनके सहयोग से होगा आयोजन
जिला प्रशासन, केडीएमए इंटरनेशनल, नारायण सेवा संस्थान, जयपुर फुट और रोटरी क्लब।