कन्नौज। अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन बदले हुए मौसम ने लोगों को राहत दी है। सोमवार को हुई हल्की फुहार के बाद मंगलवार को दिन में कई बार बारिश हुई। रिमझिम फुहार तो कभी झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान पूरी तरह से धड़ाम हो गया। मौसम के खुशगवार होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। एक दिन पहले के मुकाबले मंगलवार को तापमान लुढ़ककर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को हुई बारिश ने सुकून पहुंचाया है। सुबह से ही मौसम में बदलाव रहा और आसमान में बादल मंडराते रहे। एक दिन पहले बहने वाली गर्म हवा, मंगलवार की सुबह से ही नर्म हो गई थी। दोपहर करीब 12 बजे तेजी से आसमान का रंग बदला और देखते ही देखते आसमान से मोटी-मोटी बूंदे गिरने लगीं। 10 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। उसके बाद मौसम साफ हुआ। आधे घंटे बाद फिर से रिमझिम फुहार बरसने लगी। इस तरह दोपहर में रह-रहकर बारिश होती रही। बारिश की इन बूंदों से लोगों के चेहरे खिल उठे।
धड़ाम हुआ तापमान, 28 डिग्री पर पहुंचा पारा
मौसम में हुए बदलाव और बारिश से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दिनों 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाली गर्मी मंगलवार को लुढ़ककर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत महसूस की है।