कन्नौज। जून में भीषण गर्मी का सितम जारी है। सुबह से ही चटक धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सड़कों पर आवाजाही भी कम ही दिख रही है।
पिछले कई दिनों की ही तरह मंगलवार को भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर होते-होते ऐसा लग रहा था कि आसमान से आग बरस रही है। सबसे अधिक परेशानी राहगीरों को झेलनी पड़ रही है। लू के थपेड़े बदन को झुलसा रहे। लगातार जारी उमस भरी भीषण गर्मी से शहर के बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड से लेकर सड़कों तक में दोपहर के वक्त सन्नाटा देखा जा रहा है। राहत के सारे इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। गर्मी से राहत पाने की जुगत में लगा हर कोई दिख रहा है। सड़कों पर निकलने वाले लोग पेय पदार्थों के साथ बदन को पूरी तरह ढककर निकल रहे हैं। मंगलवार को सुबह से ही सूर्य देव अपने तमतमाते तेवरों के साथ निकले। 10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगी। दोपहर 12 बजते-बजते आग ही बरस रही हो। आठ दिनों पड़ रही बदन को झुलसाने वाली गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। अब हर कोई मानसून आने की दुआएं कर रहा है। शहर के लोग जहां कूलर, पंखा और एसी के सामने से हटने को जारी नहीं हैं तो ग्रामीण इलाकों में भी सूखती फसलों की किसान सिंचाई करने में लगे हैं।