कन्नौज। सांप्रदायिक दंगे के आरोपी पूर्व प्रधान तोताराम ने कोर्ट ने सरेंडर कर दिया। इससे पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस अब तोताराम को रिमांड पर लेकर साक्ष्य जुटा रही है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में स्थित शिव मंदिर में कुशलपुर्वा निवासी पूर्व प्रधान तोताराम ने गोवंश के अवशेष डलवाएं थे। इसके बाद तोताराम, उसके साथ चंचल त्रिपाठी ने अराजकतत्वों को शराब पिलाकर दुकानों में आगजनी और तोड़फोड़ कर सांप्रदायिक बवाल करा दिया था। शासन ने डीएम और एसपी समेत कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की थी। पुलिस इस मामले में 22 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी तोताराम फरार चल रहा था। कई बार दबिश देने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। शुक्रवार को आरोपी तोताराम ने जिला एवं सत्र न्यायालय में सरेंडर कर दिया। तालग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी तोताराम को रिमांड पर लेकर साक्ष्य एकत्र कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।