कानपुर। इत्रनगरी के नाम से दुनिया भर में विख्यात शहर का एक पहलू यह भी है कि यहां के लोग दूषित पानी पीने के लिए विवश हैं। कन्नौज के प्रसिद्ध राजा वेणु की पुत्री मौरारी देवी के नाम से बसे मौसमपुर मौरारा का यह हाल है कि यहां के 700 घरों में दूषित पानी की सप्लाई कई दिनों से हो रही है। सुबह काले रंग का पानी आता है, इसे पीना तो दूर नहाने का भी मन नहीं करता है। नतीजतन लोग हैंडपंपों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। इसकी शिकायत लोगों ने पालिका में की पर कोई असर नहीं हुआ। यह बात जब सदर विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण तक पहुंची तो उन्होंने मोहल्ले का भ्रमण किया। मंत्री ने पालिका प्रशासन को जल्द समस्या निवारण के निर्देश दिए मगर अभी तक पालिका लीकेज प्वाइंट नहीं खोज पाई। नलकूप ऑपरेटर दिनेश कुमार का कहना है कि मौसमपुर मौरारा मोहल्ले में कई जगह पर खोदाई करके लीकेज प्वाइंट देखे गए हैं। अभी तक लीकेज प्वाइंट नहीं मिले हैं। इसके कारण समस्या का निस्तारण नहीं कराया जा सका है। टीम लगातार प्रयास कर रही है और जगह-जगह खोदाई कर लाइन को चेक किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन चौधरी का कहना है कि लीकेज प्वाइंटों को सही करवाकर शीघ्र ही पाइप लाइन को दुरुस्त करवााया जाएगा। इसके बाद घरों में गंदे पानी की सप्लाई नहीं होगी। इसके लिए पालिका की टीम मौसमपुर मौरारा में पाइप लाइन को चेक कर रही है। तब तक मोहल्ले में टैंकरों से साफ पानी की आपूर्ति की जाएगी।