तिर्वा। कंटेनर की टक्कर से मोपेड सवार छात्रा की मौत हो गई, जबकि पिता व भाई घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
कानपुर देहात के ककवन क्षेत्र के एमा गांव निवासी रामकुमार खेती करते हैं। छोटे भाई विद्यासागर ने बताया कि शनिवार को भाई रामकुमार बेटी ज्योति (11) व बेटा सत्यम (08) के साथ मोपेड से दवाई लेने के लिए कन्नौज के जिला अस्पताल आ रहे थे। ठठिया क्षेत्र में स्थित आलू मंडी के निकट आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा से लखनऊ जा रहे कंटेनर ने मोपेड में टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया। पिता और भाई का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि ज्योति कक्षा पांच की छात्रा थी। हादसे के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। थाना प्रभारी अरुण चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।