तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात स्टाफ नर्स का कमरे में दुपट्टे के फंदे पर शव लटका मिला। साथ में रहने वाली एक अन्य स्टाफ नर्स ने देखा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर परिजनों को घटना की सूचना दी है। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है।
हरदोई के मल्लावां क्षेत्र के ग्राम बखौरा गांव निवासी रोशनी गौतम (24) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो साल पहले राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के तहत तैनात हुई थी। कॉलेज परिसर में आवास न मिलने पर साथी स्टाफ नर्स संजू सिंह के टाइप थ्री आवास में उसी के साथ रहती थी। रविवार शाम को काफी देर तक जब रोशनी कमरे से बाहर नहीं निकली तो साथी स्टाफ नर्स ने कमरे के दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह अन्य स्टाफ नर्सों ने दरवाजे को खोला तो रोशनी का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्टाफ नर्स के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है।