गुरसहायगंज। क्षेत्र के कस्बा सराय प्रयाग स्थित अंबेडकर पार्क में लगी बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के मामले में घटना के दूसरे दिन एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास लगे कैमरों से सीसीटीवी फुटेज को देखा। उन्होंने दो टीमों को गठित कर घटना को अंजाम देने वाले की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।
दरअसल शनिवार की रात कस्बा सराय प्रयाग स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। इससे उनके अनुयायियों में रोष व्याप्त हो गया था। रविवार को खूब हंगामा भी हुआ। हालांकि बाद में नई मूर्ति स्थापित किए जाने की बात पर लोग शांत हुए थे। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह घटनास्थल पहुंचे और घटना का बारीकी से निरीक्षण किया। पार्क के पास एक आढ़त पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को उन्होंने देखा। बाइक सवार तीन युवकों द्वारा मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आने पर एसपी ने कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह को निर्देश दिए हैं कि फुटेज के आधार पर इनकी पहचान कर जल्द से गिरफ्तार किया जाए।
घटना के खुलासे के लिए उन्होंने दो टीमें बनाई हैं। टीमों ने अपना काम भी शुरू कर दिया है। उधर स्थापना के लिए अंबेडकर की नई मूर्ति आ गई है और मंगलवार को इसकी स्थापना की जाएगी। पार्क में सुंदरीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।