नगर निकाय चुनाव के नामांकन से पहले ही समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। कन्नौज जिले की आठ में से पांच सीटों के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा बुधवार को की गई। बताया गया कि राजधानी से मिली मंजूरी के बाद जिलाध्यक्ष ने इन पांचों उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। उसके ठीक पहले पार्टी ने जिला संगठन के पदाधिकारियों के नाम का ऐलान किया।
दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने जिला संगठन को भंग कर दिया था। उसके बाद से अब तक कन्नौज में बिना सपा जिलाध्यक्ष के ही पार्टी काम कर रही थी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष पद पर मोहम्मद कलीम खां ही काम देख रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सहमति के बाद जिलाध्यक्ष के रूप में फिर से कलीम खां को जिम्मेदारी दी गई। उनके अलावा जिला महासचिव पद पर रामसेवक राजपूत और जिला प्रवक्ता व चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी के लिए विजय द्विवेदी के नाम पर मुहर लगा दी। संगठन के नाम का ऐलान करने के बाद पार्टी ने लगे हाथ जिले की आठ में से पांच नगर निकायों में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भी उतार दिए। दूसरी ओर अब तक किसी अन्य राजनीतिक दल ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नहीं घोषित किए हैं।
संगठन के ऐलान के बाद राजधानी तलब हुए जिलाध्यक्ष
उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने से ठीक पहले पार्टी ने जिला संगठन के पदाधिकारियों के नाम का ऐलान किया। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कन्नौज जिलाध्यक्ष पद पर मोहम्मद कलीम खां की ताजपोशी की। उसके बाद उन्हें आननफानन में लखनऊ बुलाया गया और वहां मंथन के बाद यहां की आठ में से पांच नगर निकायों में पार्टी के चेयरमैन पद के प्रत्याशी भी घोषित कर दिए गए।
कन्नौज सदर, तिर्वा और समधन पर मंथन
जिले की आठ में से पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान तो हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही कन्नौज सदर नगर पालिका सीट पर अभी किसी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। समझा जा रहा है कि इस सीट को लेकर पार्टी एक चेहरे को लेकर मंथन कर रही है। उम्मीदवार की ओर से अभी हामी नहीं भरी गई है। उम्मीदवार को मनाया जा रहा है। उसके बाद ही सदर सीट पर नाम का ऐलान किया जाएगा। इसके अलावा तिर्वा और समधन सीट पर भी रणनीति के तौर पर मंथन किया जा रहा है। जल्द ही इन तीनों सीटों पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने की बात कही जा रही है।
पांच सीट से इन प्रत्याशियों पर सपा ने लगाया दांव
- छिबरामऊ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए उमर फारुख उर्फ बंटी।
- सौरिख नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनीष यादव उर्फ डंपी।
- गुरसहायगंज नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए राज सिंह चौहान उर्फ छोटू।
- तालग्राम नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मोसिन खान उर्फ जानू।
- सिकंदरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सत्यप्रकाश बाथम उर्फ सत्तन।