कन्नौज। नामांकन प्रक्रिया के पूरा होने से पहले ही प्रशासनिक अमला मतदान की तैयारी में जुट गया है। इसी कड़ी में बुधवार को एसपी ने शहर के कई पोलिंग बूथ पर पहुंचकर वहां की तैयारियों को परखा। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर हर पहलू से जुड़ी तैयारी को समय रहते दुरुस्त करने को कहा।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बुधवार को शहर के अलग-अलग बूथों पर वहां की व्यवस्था को परखा। निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने और आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन कराने के उद्देश्य से कोतवाली कन्नौज का निरीक्षण भी किया। वांछित, गैर जमानती वारंट, जिलाबदर अपराधियों की गिरफ्तारी व निरोधात्मक कार्यवाई और शत-प्रतिशत लाइसेंसी शस्त्र जमा करने के लिए संबधित को निर्देश दिया। साथ ही नगर पालिका कन्नौज क्षेत्र के मतदान केंद्रों मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, हुमैरा मिल्ली गर्ल्स इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर सुरक्षित व शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने, मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की दशा व दिशा सही करने, चिन्हित स्थानों पर बैरीकेडिंग करने, मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से निगरानी रखने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया। चुनाव आयोग की ओर से जारी गाईडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करने, चुनाव के दौरान पूर्ण मनोयोग व पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तटस्थता से डयूटी का निर्वाहन करने के लिए पुलिस बल को भी निर्देशित किया गया ।