कन्नौज। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले छह बदमाशों को इंदरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों पर तिर्वा में इंदरगढ़ मार्ग पर घर में घुसकर लूट की कोशिश और शराब की दुकान के सेल्समैनों को पीटकर कर लूटने का आरोप है। पुलिस ने बदमाशों के पास से कार, नकदी, दो तमंचे, चार मोबाइल डंडा व अन्य सामग्री बरामद की है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि शनिवार को इंदगढ़ पुलिस टीम कटैया पुल पर वाहन चेकिंग कर रही थी। एक कार को रोका गया। कार में छह लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम औरैया के थाना बेला के ग्राम तिरकों निवासी अनुरुद्ध शुक्ला, अश्वनी कुमार शुक्ला, कमलेश कुमार, बबलू राठौर, सोबरन सिंह और करन सिंह बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर बदमाशों ने पुलिस को बताया कि आठ अगस्त को अश्वनी, बबलू, सोबरन और करन दो बाइकों से बेलामऊ सरैया गए थे।
शराब की दुकान के सेल्समैनों को पीटकर एक सेल्समैन का बैग छीन लिया था, जिसमें करीब 17,500 रुपये मिले थे। रुपये चारों ने आपस में बांट लिए थे। 30 जुलाई को चारों लोग तिर्वा में इंदरगढ़ मार्ग पर बने एक मकान में घुसे थे। घरवालों के विरोध के कारण वहां से भागना पड़ा था। एसपी ने बताया कि इनके पास से 5880 रुपये, प्लास-पेंचकस भी बरामद हुआ है। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इनसेट
बदमाशों पर दर्ज हैं 14 मुकदमे
एसपी ने बताया कि अभियुक्त अनुरुद्ध पर दो, अश्वनी कुमार पर चार, कमलेश पर एक, बबलू पर तीन, सोबरन पर तीन और करन पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों का आपराधिक इतिहास अन्य जनपदों में भी तलाश रही है। पुलिस ने बताया कि सेल्समैनों से लूट और इंदरगढ़ मार्ग पर घर में चार बदमाश ही घुसे थे। इनमें अनुरुद्ध और कमलेश शामिल नहीं थे।