तिर्वा। शहीद जवान के बंद मकान से चोरों से चोरों ने छह लाख के जेवर व नकदी पार कर दी। एसपी ने चोरी के खुलासे के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया है। टीमों ने छानबीन शुरू कर दी।
तिर्वा कोतवाली के गांव गपचरियापुर निवासी विनय कुमार यादव आर्मी एयर डिफेंस में जवान थे। वह 13 मई 2004 को जम्मू कश्मीर के पूंछ सेक्टर में ऑपरेशन रक्षक के तहत पाकिस्तानी सेना के जहाजों को मार गिराते समय शहीद हो गए थे।
इसके बाद से उनकी पत्नी बीना यादव कस्बा के जवाहर नगर में मकान बनाकर परिवार के साथ रहती हैं। 11 अगस्त को वह मकान में ताला लगाकर अपने बेटे के साथ पैतृक गांव गपचरियापुर गईं थी।
इस दौरान घर के अंदर घुसे चोरों ने अलमारियां तोड़कर नकदी और जेवर पार कर दिए। जब 15 अगस्त को वह घर लौटी तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर होश उड़ गए।
बीना यादव ने बताया कि दो लाख 90 हजार रुपये और करीब तीन लाख के जेवर एक सोने का हार, तीन सोने की चेन और दो अंगूठी चोरों ने पार कर दी। शहीद के घर हुई चोरी की जानकारी मिलते ही कोतवाल रामअवतार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि खुलासे के लिए दो पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।