कन्नौज जिले में सकरावा चौकी क्षेत्र के गांव लालपुर में बकरी चराने गए किसान का शव खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायती पत्र दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेज दिया। ग्राम लालपुर निवासी मानसिंह (63) शनिवार को बकरियां चराने के लिए खेतों पर गए थे।
देर शाम गांव के लोगों ने उन्हें मृत अवस्था में खेत में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि मान सिंह के साथ गांव के तीन अन्य लोग भी साथ में थे। खेत में बकरी चराने से नाराज होकर गांव के ही एक युवक ने गालीगलौज करते हुए मान सिंह की गर्दन पर धारदार हथियार से से वार कर दिया।
बाद में जमीन पर गिरा कर उनकी गर्दन दबा दी, जिससे मौके पर ही मान सिंह की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मृत्यु लग रही है। मान सिंह की मौत से पत्नी ज्ञानवती, पुत्र राकेश, संजीव, विष्णु, राज, चंद्रशेखर, पुत्री सावित्री, पिंकी, रेनू व रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल था।