गुरसहायगंज। मुरादगंज मवेशी बाजार के चलते लगने वाले जाम में फंसकर हुई एक मरीज की मौत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने मवेशी बाजार पर रोक लगा दी है।
क्षेत्र मुरादगंज में जीटी रोड और रेलवे लाइन के किनारे सोमवार और गुरुवार को मवेशी बाजार लगता है। कई जनपदों से पशु पालक और व्यापारी मवेशियों की खरीद-फरोख्त बाजार आते हैं। इससे जीटी रोड पर जाम लगा रहता है। थाना बेवर के मोहल्ला कोट निवासी सुमित कुमार ने मुख्यमंत्री, अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के साथ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें कहा कि 11 अक्तूबर को भाई को दिल का दौरा पड़ गया था। इससे एंबुलेंस से भाई को ह्दय रोग संस्थान कानपुर ले रहा था।
गुरसहायगंज के मुरादगंज में मवेशी बाजार के कारण जीटी रोड पर जाम लगा था। जाम में फंसकर भाई की मौत हो गई थी। इससे बुधवार को एसडीएम छिबरामऊ अशोक कुमार ने मवेशी बाजार के संचालन में रोक लगा दी है। कोतवाली प्रभारी गुरसहायगंज को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि वर्ष 2022 23 में जिला परिषद द्वारा मवेशी बाजार के लिए कोई भी लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। इस मामले को हाईकोर्ट ने भी संज्ञान में लिया है। इसलिए मवेशी बाजार पर प्रतिबंध लगा दिया जाए। एसडीएम ने कहा कि सख्ती के साथ अब बाजार को लगने नहीं दिया जाएगा।