छिबरामऊ। चेकिंग अभियान के दौरान फर्जी मीटर को उखाड़ने पर दो युवकों ने अपने 22 साथियों के साथ विद्युत विभाग की टीम के साथ अभद्रता करते हुए धक्का मुक्की कर दी। युवकों ने विजिलेंस टीम के प्रभारी दरोगा के साथ हाथापाई कर दी। बिजली कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों पकड़कर थाने ले गए।
शुक्रवार की सुबह बिजली विभाग की टीम ने पीपल वाली गली, बजरिया व सैयदबाड़ा में छापे मारे। मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी गुफरान पुत्र रफू के घर में बिजली केबिल खिंची थी लेकिन बाहर मीटर नहीं लगा था। घर के अंदर लगे मीटर के बारे में जानकारी की गई तो वह फर्जी निकला। फर्जी मीटर लगाकर बिजली चोरी के आरोप में बिजली कर्मी मीटर उखाड़कर केबिल काटने लगे। उसी समय गुफरान का भाई इमरान ने अपने 20-22 साथियों के साथ बिजली कर्मियों के साथ गाली गलौज, अभद्रता व जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का मुक्की करते हुए केबिल छीनने लगे। विजिलेंस टीम प्रभारी तरुण प्रताप सिंह ने बीच-बचाव का प्रयास किया, युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। विवाद की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कोतवाल सचिन सिंह ने बताया कि जेई अजय अवस्थी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
इनसेट...
किसी और के नाम का लगा रखा था मीटर, पहले से ही बकाया था बिल
जेई अजय अवस्थी ने बताया कि चेकिंग के दौरान फर्जी मीटर मिलने पर जांच पड़ताल की गई तो ग्राम लोकपुर निवासी प्रीती यादव पत्नी अनुराग यादव के कनेक्शन पर जारी किया गया था। जिस पर 44034 रुपये पहले ही बिल बकाया था। इसके अलावा गुफरान के पिता रफू के नाम पर जो कनेक्शन था। बकाए में उनके मीटर को पहले ही उखाड़कर कनेक्शन पोस्ड पीडी कर दिया गया था। कनेक्शन कटने के बाद फर्जी मीटर लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी।
-