कन्नौज। विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा व विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि खटारा स्कूली वाहनों को काली सूची में डाला जाए। वाहन और ड्राइवर दोनों फिट होने चाहिए। ज्यादातर सड़क हादसे यातायात नियमों का पालन न करने की वजह से होते हैं।
स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेकर डीएम ने कहा कि अनफिट वाहन चलने के मुद्दे पर सरकार भी संवेदनशील है। ऐसे वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जाए। बच्चों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। क्षमता के अनुसार ही बच्चे बैठाने चाहिए। डीएम ने डीआईओएस और बीएसए से विद्यालय का निरीक्षण कर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए बस स्टॉपेज पर ही वाहन रोकने के लिए कहा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ईज्या तिवारी ने बताया कि कन्नौज तहसील क्षेत्र में 13, तिर्वा तहसील इलाके में पांच और छिबरामऊ में 16 ब्लैक स्पॉट हैं। प्रभारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तक रामबाबू दोहरे ने बताया कि एक माह में दुर्घटना से संबंधित आंकड़ों के आधार पर नगर निकाय, पीडब्ल्यूडी और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर ब्लैक स्पॉट चयन करती है।