छिबरामऊ। शिक्षकों के समय से न आने से प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर देरी से खुलता है। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समय से विद्यालय खुलवाए जाने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक समय पर नहीं आते हैं। जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। लापरवाही से गुस्साए ग्रामीण नौबत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुंदरम, पंकज व गुड्डू ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय हमेशा देरी से खुलता है शिक्षक इसके बाद आते हैं। शनिवार को 8.20 बजे शिक्षक पंकज शर्मा ने विद्यालय पहुंचकर ताला खुलवाया, प्रधानाचार्य समेत दो शिक्षक 8.30 बजे के बाद आए। ग्रामीणों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से विद्यालय समय से खुलवाने की मांग की है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी डा. विमल तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।