गुरसहायगंज। नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद की ओर से स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता 17 से 28 फरवरी तक संचालित की गई जिसमें नागरिकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान वार्डों का मूल्यांकन निर्धारित 12 प्रमुख मानकों पर किया गया। इनमें वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था, नागरिकों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) की स्थिति, रेड स्पॉट एवं येलो स्पॉट का प्रबंधन, स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन), डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियां, जीरो वेस्ट इवेंट का आयोजन तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई शामिल रहे। इन सभी मानकों के लिए कुल 150 अंक निर्धारित किए गए थे। मूल्यांकन के बाद वार्ड संख्या 15 सरोजनी नगर ने सर्वाधिक 138 अंक प्राप्त कर स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता 2026 का खिताब जीता। वार्ड की सभासद मीना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता के प्रति सभी नागरिकों ने जागरूकता दिखाई और बेहतर प्रबंधन देखने को मिला। वहीं वार्ड संख्या नौ हर्षनगर ने दूसरा स्थान हासिल किया। वार्ड के सभासद निर्मल श्रीवास्तव ने नागरिकों की सराहना की। वार्ड तीन कबीर नगर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस वार्ड की सभासद गीता देवी ने भी स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य वार्डों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना है।