कन्नौज। दुकान बंद करने के बाद शराब देने से मना करने के बाद कुछ लोगों ने सेल्समैन के साथ गाली-गलौज की। मना करने पर आरोपियों ने सेल्समैन को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने सेल्समैन की तहरीर पर चार-पांच अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महेशपुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह यासीनपुर स्थित देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। मंगलवार की रात 10 बजे वह दुकान बंद कर रहा था। तभी चार-पांच लोग शराब लेने के लिए आए। दुकान बंद होने पर शराब न मिल पाने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर अभद्रता करना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ सदर कमलेश कुमार ने बताया कि सेल्समैन से मारपीट में चार-पांच अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।