कन्नौज। होली की छुट्टी पर राजस्थान से घर आए युवक की हत्या के आरोप में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। पांच की तलाश में दबिश दी जा रही है।
दरअसल हत्या की यह सनसनीखेज वारदात होली से ठीक एक दिन पहले मंगलवार की देर शाम सदर कोतवाली के अड़ंगापुर में हुई थी। राजस्थान के दौसा में सरसों तेल के प्लांट में काम करने वाला अड़ंगापुर निवासी अनूप यादव (35) की मंगलवार की शाम गांव के बाहर सैय्यादबाबा की मजार के पास बाइक सवार हमलावरों ने हत्या कर दी थी। अनूप के चाचा ब्रजकिशोर के मुताबिक वह दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। पड़ोसी गांव मकटौरा के लोग तीन बाइक पर सवार होकर रास्ते में खड़े थे। बाइक रोककर उनमें से एक ने तमंचा निकालकर अनूप की कनपटी पर गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसी मामले में अनूप के भाई अजीत यादव की तहरीर पर पुलिस मकटौरा निवासी सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया गया है। बाकी की भी तलाश की जा रही है।
9999999999999
इन सात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है रिपोर्ट
वारदात में जान गंवाने वाले अनूप यादव के भाई अजीत यादव की तहरीर पर पुलिस ने मकटौरान निवासी अतर सिंह पाल और भाई अनूप पाल, रामाधार व उसका भाई रामशंकर, नरेशपाल, जय सिंह और अमर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अजीत के मुताबिक इन सभी ने मिलकर उन दोनों भाइयों का रास्ता रोका और अतर सिंह पाल ने अवैध तमंचा से अनूप के सिर पर गोली मार दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने अतर सिंह पाल और उसके भाई अनूप पाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।