कन्नौज। दो युवकों और धर्मगुरु पर हमला कर शहर का सौहार्द बिगाड़ने के मामले में दो चौकी प्रभारियों की तहरीर पर 30 उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की हैं। उपद्रवियों की तलाश में पुलिस ने दबिश तेज की है। वहीं शहर के संवेदनशील चिरैयागंज, लाखन तिराहा समेत कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात है।
शहर में 25 अक्तूबर की रात उपद्रवियों ने नखासा मोहल्ला निवासी निखिल मिश्रा और उसके दोस्त चित्रांशू शर्मा पर हमला कर घायल कर दिया था। इसके अलावा हिमालीपुरा निवासी धर्मगुरु आफताब और उनके बेटे पर हमला कर घायल कर दिया। घायलों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने भी दो रिपोर्ट दर्ज की हैं।
मकरंद नगर चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने गुरुवार को 15 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि 25 अक्तूबर को मकरंद नगर में पावर हाउस के सामने कुछ उपद्रवी एक दूसरे पर हमला कर रहे थे। उपद्रवियों ने इस दौरान पुलिस टीम से भी धक्का मुक्की की और एक आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा ले गए। वहीं कलां चौकी प्रभारी आनंद मिश्रा ने भी 15 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि चार उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अन्य उपद्रवियों की तलाश में दबिश जारी है। शहर का माहौल सामान्य है।