कन्नौज। सदर कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए मौके से बड़ी मात्रा में अवैध असलहा बनाने वाली सामग्री सहित कई हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने इस फैक्टरी को चलाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रमोद तिवारी, तरुण भदौरिया, दीपक कुमार कई पुलिस कर्मियों की मदद से पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उनके मुताबिक तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के कोइलिया गांव में किराए पर रहने वाले उम्मन उर्फ ओमप्रकाश को असलहा बनाने वाली अवैध फैक्टरी के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित के कब्जे से 12 बोर की बंदूक, 315 बोर की रायफल, चार 315 बोर के तमंचा, 315 बोर का तमंचा, दो 12 बोर के तमंचा, 315 बोर के चार जिंदा और आठ खोखा कारतूस, 12 बोर के एक जिंदा व दो बोर मिस कारतूस के अलावा अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपी पर कोतवाली तिर्वा में कई गंभीर धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज हैं। आरोपी कुसुमखोर के करीब टीकापुर गांव से निकले नाले के पास एक खेत में अवैध फैक्टरी चला रहा था। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की गई है। जांच के दौरान अन्य लोगों के नाम में सामने आ सकते हैं। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।