तिर्वा। दहेज में कार न मिलने पर ऐन वक्त पर वर पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। पीड़ित ने जब पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला सीओ तक पहुंचा। सीओ के आदेश पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर देहात जनपद के रसूलाबाद निवासी युवक ने बताया कि इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के खेमपुरवा गांव में रिश्तेदारी है। वहां बहन का आना-जाना बना रहता था। इसी दौरान बहन का गांव निवासी शिवम यादव से प्रेम प्रंसग हो गया। जब जानकारी हुई तो शिवम के परिजनों से बात करके शादी तय कर दी। पिछले साल जून में गोद भराई व जुलाई में वरीक्षा भी कर दी थी। इस साल दो मई यानि मंगलवार को बरात आनी थी।
तभी अचानक वर पक्ष ने दहेज में कार की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर बरात लाने से मना कर दिया। सीओ शिव प्रताप सिंह के आदेश पर पुलिस ने खेमपुरवा गांव निवासी शिवम यादव, रामबाबू, नीलम यादव, रूबी यादव, कुंती देवी, प्रिया यादव व इंद्रपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।