गुरसहायगंज। ई-रिक्शा की टक्कर से पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग फाटक में तकनीकी खराबी आ गई। इससे वह बंद नहीं हो सका। इस दौरान फर्रुखाबाद से छपरा जाने वाली ट्रेन 15 मिनट तक स्थानीय रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे प्रशासन ने अस्थाई पाइप लगाकर ट्रेन को निकाला। इस दौरान रेलवे फाटक पर काफी देर तक जाम लग रहा। लोग चिलचिलाती धूप में परेशान रहे।
शनिवार की शाम 5:30 बजे का है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग फाटक में टक्कर मार दी। इससे उसमें तकनीकी खराबी आ गई। इस दौरान फर्रुखाबाद से छपरा जाने वाली ट्रेन आने की सूचना मिलने पर जब गेटमैन ने फाटक को बंद करने का प्रयास किया तो वह नहीं बंद हो सका। इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक मनोज अवस्थी को दी गई। इस पर मौके पर पहुंचे रेल कर्मचारियों ने अस्थाई पाइप लगाकर ट्रेन को पास किया। स्टेशन अधीक्षक मनोज अवस्थी ने बताया कि तकनीकी खराबी आ जाने से पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग फाटक बंद नहीं हो सका, जिस कारण चेन और पाइप लगाकर ट्रैफिक को बंद कराया गया और इस दौरान छपरा एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशन पर 15 मिनट के लिए रोका गया। बाद में उसे कानपुर के लिए रवाना कर दिया गया।