कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर कृषि अधिकारियों की टीम ने ठठिया क्षेत्र में खाद-बीज और कीटनाशक दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान पांच दुकानदारों को नोटिस दी गई। छापे की खबर फैलते ही पांच विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग गए। जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने पांचों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके बिक्री लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम ने गुणवत्ता जांच के लिए 13 नमूने लिए। इनमें बरसीम और सरसों के बीज के नौ नमूने, पोटाश व एसएसपी खाद के दो नमूने तथा दो कीटनाशक के नमूने शामिल हैं। इन सभी नमूनों को सील कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।