छिबरामऊ। जेई के साथ मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिजली कर्मियों का धरना पांचवें दिन सोमवार को भी जारी रहा। कर्मियों का कहना है कि आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही धरना खत्म किया जाएगा।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति व राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के तत्वावधान में बिजली कर्मियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र पर धरना दिया। बिजली कर्मियों का कहना था कि 24 अगस्त को जेई अजय अवस्थी के साथ चार लोगों ने मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। इसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अन्य आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाएगी, तब तक कार्य बहिष्कार कर धरना जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव रमेश मौर्य, जेई अजय अवस्थी, जेई सौरिख सुनील कुमार, जेई गुरसहायगंज विकास कुमार, जेई गुगरापुर भूपेंद्र सिंह, जेई सिकंदरपुर उमेश वर्मा, करन सिंह जेई तालग्राम जितेंद्र कुमार, जेई अमोलर अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।