कन्नौज। सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही हृदय और ब्लड प्रेशर के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रतिदिन ओपीडी में 20 से 25 रोगी आने लगे हैं। डॉक्टर ने सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।
जनवरी माह की शुरुआत होते ही सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सर्दी शुरू होने के साथ हृदय की बीमारी लोगों को परेशान करनी लगी है। कुछ ही दिन में रोगियों की संख्या काफी बढ़ गई है। शहर के विनोद दीक्षित अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को हृदय व ब्लड प्रेशर से पीड़ित 20 से 25 रोगी इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टर का कहना है कि सर्दी का ज्यादा असर दिल पर पड़ता है। इस बार सर्दी शुरू होने के साथ ही दिल के रोगियों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में पहुंचे बुखार व खांसी के साथ हृदय व ब्लड प्रेशर के रोगियों का उपचार करते हुए बचाव की सलाह दी।
सजग रहें हृदय रोगी
फिजिशियन डॉ. सीएल मिश्रा ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ दिल के रोगियों की परेशानी भी बढ़ने लगती है। सर्दी में ऑक्सीजन की कमी रहती है, जिससे रक्त वाहिका संकरी हो जाती हैं और दिल के रोगियों की तकलीफ बढ़ जाती है। ब्लड प्रेशर सामान्य से कुछ ज्यादा रहता है, जो दिल के रोगियों के लिए परेशानी का सबसे बड़ा कारण है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल बढ़ा रहता है, उन्हें इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
इनसेट
ब्लड प्रेशर के मरीज ये बरतें सावधानी
-मीठा, नमकीन और खट्टा कम खाएं।
-सर्दियों में धूप जरूर सेकें।
-अधिक ठंड में सुबह के समय दवा लेकर ही बाहर निकलें।
-संतुलित, पोषक और ताजा भोजन खाएं।
-अल्कोहल और कैफीन के सेवन से बचें।
इनसेट
ऐसे करें बचाव
-ब्लड प्रेशर की नियमित रूप से जांच कराएं।
-शरीर का वजन न बढ़ने दें।
-तनाव को दिमाग पर हावी न होने दें।
-मौसमी फलों और हरी सब्जियां भरपूर मात्रा में खाएं।
-पानी का सेवन पर्याप्त मात्रा में करें।
-थोड़ी देर गुनगुनी धूप का आनंद लें।